Raipur. रायपुर। राजधानी के पुराने बस्ती थाना क्षेत्र में रविवार की रात एक चाकूबाजी की वारदात ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी। नशे के सामान को लेकर हुए आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें मोहसिन पाशा नामक युवक पर तीन युवकों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घायल को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि सभी आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की बताई जा रही है, जहां मोहसिन पाशा नामक युवक का जैद, साहिल कोंदा और उमर नाम के तीन युवकों से किसी नशे के सामान को लेकर विवाद हो गया था। कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने मोहसिन को पकड़कर चाकू से हमला कर दिया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, जैद ने मोहसिन पाशा के गाल, जांघ और हाथ में चाकू मारा, जबकि साहिल और उमर ने उसे पकड़ रखा था। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। मोहसिन को खून से लथपथ हालत में आसपास के लोगों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, परंतु चाकू के घाव गंभीर हैं। मामले की जानकारी मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान के आधार पर आरोपियों जैद, साहिल कोंदा और उमर के खिलाफ हमला करने, जानलेवा चोट पहुंचाने और आपराधिक साजिश की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीम गठित कर दी है। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपी आपस में परिचित हैं और पहले भी नशे से जुड़े मामलों में शामिल रह चुके हैं। मोहसिन पाशा भी इनके संपर्क में था और नशे के समान के बंटवारे या लेन-देन को लेकर आपसी विवाद हुआ था, जो इस गंभीर वारदात में तब्दील हो गया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि आरोपियों की कोई जानकारी हो तो थाना पुरानी बस्ती या नजदीकी पुलिस चौकी में तुरंत सूचित करें। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है ताकि कोई अप्रिय स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।