रायपुर-भिलाई में मिठाइयों की गुणवत्ता पर बड़ा खुलासा, 8 सैंपल असुरक्षित
छत्तसीगढ़
रायपुर। छत्तीसगढ़ में त्योहारी सीजन के दौरान मिलावट और खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर की 5 और भिलाई की 3 दुकानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने जांच में असुरक्षित पाए गए हैं। इनमें कलाकंद, खोवा, कुंदा, पेड़ा, पनीर, दही और दूध पेड़ा जैसे खाद्य पदार्थ शामिल हैं। प्रयोगशाला जांच में कुल 14 नमूने फेल हुए हैं, जिनमें 8 असुरक्षित और 6 अवमानक घोषित किए गए हैं। अब संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक सह आयुक्त दीपक अग्रवाल ने 17 और 23 अक्टूबर को विभागीय टीम के साथ रायपुर और भिलाई के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान दुकानों से मिठाइयों, डेयरी उत्पादों और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए थे। अब जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद विभाग ने कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
रायपुर में न्यू जनता स्वीट्स का कलाकंद, मां अंबे स्वीट्स का खोवा और स्वीट हट एंड बेकर्स का कुंदा व पेड़ा जांच में असुरक्षित पाया गया है। इसके अलावा रायपुर ढाबा का पनीर और भिलाई की मां दुर्गा डेयरी का पनीर व दही भी जांच में असुरक्षित निकला है। वहीं, प्रदेश के अलग-अलग जिलों से लिए गए 6 अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने भी निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं। इनमें रायपुर के न्यू जनता स्वीट्स का पनीर, धमतरी का झलक ब्रांड हल्दी पाउडर, कोरबा का सिल्वर क्वाईन ब्रांड मैदा और बीजापुर का मां भगवती ब्रांड पोहा शामिल है। राजनांदगांव से लिए गए खुले शक्कर और उड़द दाल के नमूने भी अवमानक पाए गए हैं।
प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर खाद्य विभाग संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई करेगा। इसके लिए आवश्यक दस्तावेज और साक्ष्य जुटाकर मामले सक्षम न्यायालय और संबंधित प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे। दोष सिद्ध होने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग के मुताबिक, प्रदेश के विभिन्न जिलों से लिए गए कई अन्य खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट अभी आना बाकी है। शेष रिपोर्ट मिलने के बाद जिन नमूनों में गड़बड़ी पाई जाएगी, उनके संबंधित कारोबारियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।