कोरबा में पटाखे पर खूनी बवाल, नाबालिग ने डंडे और टांगी से कर दी हत्या
छत्तीसगढ़
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बांगो थाना क्षेत्र के कटमोरगा मड़ाई गांव में पटाखा मांगने को लेकर हुए मामूली विवाद में एक नाबालिग ने बोधराम बिंझवार की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, पटाखा देने से इनकार करने पर आरोपी ने डंडे और टांगी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बोधराम की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज किया है।
पटाखा देने से इनकार करना पड़ा भारी
जानकारी के अनुसार, बोधराम बिंझवार गांव की राशन दुकान से पटाखे और राशन का सामान खरीदकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गांव के एक नाबालिग ने उन्हें रोककर फोड़ने के लिए पटाखा मांगा। बोधराम ने पटाखा देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि नाबालिग ने कथित तौर पर बोधराम पर हमला कर दिया।
टांगी और डंडे से किया जानलेवा हमला
पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान नाबालिग ने डंडे और टांगी से बोधराम पर कई वार किए। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल बांगो थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया कि यह घटना 8 नवंबर की है। शुरुआती पूछताछ में पटाखे और शराब को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस ने नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर उसके खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। इसके बाद उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया। मामले की आगे जांच जारी है।