
x
भ्रष्टाचार
कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में 20 साल पुराने रिश्वतखोरी के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के तत्कालीन कार्यपालन अभियंता राकेश कुमार शर्मा और तत्कालीन प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी (SDO) मुजीब मोहम्मद शाह के खिलाफ विशेष न्यायालय, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, कोंडागांव में चालान पेश किया गया है। दोनों पर सरकारी निर्माण कार्यों के विद्युतीकरण का ले-आउट देने और लंबित बिलों का भुगतान कराने के बदले 5 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।
5 हजार रुपये की रिश्वत से जुड़ा है मामला
मामला वर्ष 2006 का है। शिकायतकर्ता हेमेश कुमार गांधी को ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग से आश्रम भवन, उप स्वास्थ्य केंद्र और बालक छात्रावास में विद्युतीकरण का काम मिला था। आरोप है कि इन कार्यों का ले-आउट देने और लंबित बिलों का भुगतान करने के एवज में तत्कालीन कार्यपालन अभियंता राकेश कुमार शर्मा ने 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसकी शिकायत 8 दिसंबर 2006 को ACB से की गई थी।
रिश्वत लेकर कार से भागने का आरोप
शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने 14 दिसंबर 2006 को ट्रैप कार्रवाई की। आरोप है कि कार्यपालन अभियंता के कहने पर तत्कालीन SDO मुजीब मोहम्मद शाह ने शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये लिए और कार से फरार हो गया। ACB टीम ने रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने कथित तौर पर टीम के सदस्यों को कार से टक्कर मारने की कोशिश की। इस दौरान एक अधिकारी घायल हो गया। बाद में ग्राम बोलबोला के पास फेंकी गई रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई। वहीं, कार्यपालन अभियंता के सरकारी आवास से तलाशी के दौरान 6 लाख 30 हजार 200 रुपये नकद जब्त किए गए थे।
रिकॉर्डिंग और FSL रिपोर्ट बनी जांच का हिस्सा
ACB ने विवेचना के दौरान रिकॉर्डिंग, पंच गवाहों के बयान, दस्तावेज, जब्त राशि और सकारात्मक FSL रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए। इसके आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7, 13(1)(डी), 13(2) और IPC की धारा 201, 34 के तहत चालान पेश किया गया है। मामले में आगे की न्यायिक कार्रवाई होगी।
Next Story





