भिलाईनगर: सेवा निवृत्त कार्मिक कल्याण संघ की साप्ताहिक बैठक सेक्टर सिविक सेंटर स्थित मॉन्यूमेंट में आयोजित हुई। बैठक में आगामी नगर निगम चुनाव और भिलाई टाउनशिप से जुड़े रिटेंशन, लाइसेंस, लीज, किराया एवं मकान संबंधी मामलों पर चर्चा की गई। बैठक में संघ के सदस्यों ने पिछले करीब 12 महीनों से चल रहे आंदोलन की समीक्षा की। सदस्यों ने कहा कि भिलाई टाउनशिप के रिटेंशन आवासों को लेकर लंबे समय से राहत की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई स्पष्ट लिखित आदेश जारी नहीं किया गया है।
लिखित आदेश नहीं मिला तो चुनाव मैदान में उतरने का फैसला
बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि रिटेंशन आवासों को लेकर राहत संबंधी लिखित आदेश जारी नहीं होता है तो संघ आगामी नगर निगम चुनाव में अपना प्रत्याशी उतारेगा।संघ पदाधिकारियों का कहना है कि आवास संबंधी समस्याओं को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं होने से कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों में नाराजगी है।
12 महीने से जारी है आंदोलन
सेवा निवृत्त कार्मिक कल्याण संघ के अनुसार, भिलाई टाउनशिप में रहने वाले लोगों के रिटेंशन, लाइसेंस, लीज, किराया और मकान से जुड़े विषयों को लेकर पिछले एक साल से आंदोलन किया जा रहा है। बैठक में सदस्यों ने कहा कि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय लिया जाना चाहिए, ताकि लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान हो सके।
चुनाव को लेकर बनाई रणनीति
बैठक में नगर निगम चुनाव को लेकर भी रणनीति पर चर्चा की गई। संघ ने कहा कि यदि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती है तो वह चुनाव के माध्यम से अपनी बात जनता तक पहुंचाएगा। फिलहाल संघ ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से जल्द राहत आदेश जारी करने की मांग की है।
Tags: