भिलाईनगर: भट्ठी थाना क्षेत्र में सूदखोरी और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति के इलाज के लिए लिए गए 20 हजार रुपये के कर्ज की रकम और ब्याज चुकाने के बाद भी अतिरिक्त पैसे की मांग की गई। मांग पूरी नहीं होने पर महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि 19 सितंबर को प्रार्थिया रेखा ताण्डी, निवासी सुपेला, ने भट्ठी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में महिला ने बताया कि उसके पति की तबीयत खराब होने पर इलाज के लिए उसने पूजा राव से 20 हजार रुपये उधार लिए थे।
ब्याज के नाम पर अतिरिक्त रकम मांगने का आरोप
प्रार्थिया के अनुसार, उधार दी गई रकम पर साप्ताहिक ब्याज की मांग की जा रही थी। महिला ने बताया कि उसने मूलधन और ब्याज की राशि चुका दी थी, लेकिन इसके बाद भी अतिरिक्त रकम देने का दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि जब महिला ने एकमुश्त अतिरिक्त रकम देने में असमर्थता जताई तो पूजा राव उसे इलाज कराने की बात कहकर अपने वाहन से अपने घर ले गई।
घर ले जाकर मारपीट का आरोप
शिकायत के अनुसार, घर पहुंचने के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पूजा राव और उसके साथ मौजूद लोगों ने महिला और उसके बेटे के साथ हाथ-मुक्के और डंडे से मारपीट की। इसके साथ ही दोनों को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद भट्ठी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
Tags: