भिलाईनगर: जामुल थाना अंतर्गत रविवार को कुरूद बाजार चौक में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक युवक के सिर पर इंट-पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने पर जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वहां मौजूद मामा-भांजा दोनों को हिरासत में लिया है।

छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा ने बताया कि पूरन भारती (50 वर्ष) पिता लोकनाथ भारती निवासी ग्राम खोपली, थाना उतई अपने परिचित मनीष बघेल के साथ ग्राम कुरूद निवासी राजा जोशी के घर आया हुआ था। घटना के समय मामा-भांजा कमरे में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान मृतक पुरन भारती वहां पहुंचा। शराब पीने के दौरान पुरन भारती और राज जोशी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद गाली-गलौज तक पहुंच गया।
इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पुरन भारती पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। हमले में पुरन भारती के सिर पर गंभीर चोट आई। वह खून से लथपथ होकर कमरे में गिर पड़ा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कमरे में मौजूद मामा-भांजा वहीं पड़े रहे । आसपास के लोगों से घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद वहां मौजूद मामा-भांजा को हिरासत में लिया। पुलिस दोनों से घटना को लेकर पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में शराब पीने के दौरान पुरन भारती और आरोपी के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए कचांदूर स्थित मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह और सिर में आई चोटों की प्रकृति को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।
Tags: