Varanasi/Raipur. वाराणसी/रायपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज वाराणसी में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का गर्मजोशी से स्वागत किया। ये सभी नेता मध्य क्षेत्रीय परिषद (Central Zonal Council) की 25वीं बैठक में भाग लेने वाराणसी पहुंचे हैं, जिसकी अध्यक्षता आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में सदस्य राज्यों उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों के साथ–साथ प्रत्येक राज्य से दो वरिष्ठ मंत्री भी शामिल होंगे। बैठक का उद्देश्य चारों राज्यों के साझा मुद्दों पर सहयोग बढ़ाना, विकास को गति देना और सीमा क्षेत्रों से जुड़े विषयों का समाधान करना है।
बैठक में आंतरिक सुरक्षा, सीमा विवाद, कानून-व्यवस्था, सड़क, जल संसाधन, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे अहम विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा राज्यों के बीच संसाधनों के प्रभावी उपयोग, प्रशासनिक दक्षता और केंद्र–राज्य समन्वय को मजबूत बनाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। वाराणसी में आयोजित यह बैठक देश के संघीय ढांचे को और मज़बूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इस दौरान राज्यों के बीच आपसी संवाद, नीति निर्माण और क्षेत्रीय विकास की दिशा में सहमति बनाना मुख्य उद्देश्य रहेगा।