CM विष्णुदेव साय का आज तूफानी दौरा! किसानों के कार्यक्रम से दुर्ग की जनसभा तक, जानें पूरा शेड्यूल
दुर्ग में पदयात्रा
रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज शुक्रवार को बेहद व्यस्त कार्यक्रम निर्धारित है। मुख्यमंत्री राजधानी रायपुर से लेकर दुर्ग तक कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुबह वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त वितरण के अवसर पर आयोजित पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद दोपहर में दुर्ग पहुंचकर जनसभा को संबोधित करने और पदयात्रा में शामिल होने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।
सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री निवास से होंगे रवाना
जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 10 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास से कार द्वारा रवाना होंगे। सुबह 10:15 बजे वे कृषि महाविद्यालय, जोरा स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार पहुंचेंगे। यहां प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त वितरण एवं पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के बनासकांठा से पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी करने वाले हैं। इस अवसर पर देशभर में किसानों के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री साय रायपुर में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में भाग लेंगे।
पीएम किसान योजना से लाखों किसानों को लाभ
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पात्र किसान परिवारों को सालाना 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन किस्तों में दी जाती है। योजना की 24वीं किस्त के तहत देशभर में 9.34 करोड़ से अधिक किसानों को 18,690 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे बैंक खातों में हस्तांतरित किए जाने का कार्यक्रम है। छत्तीसगढ़ में भी बड़ी संख्या में पात्र किसानों को इस योजना का लाभ मिलेगा। रायपुर में आयोजित कार्यक्रम किसानों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दोपहर 1:30 बजे एयरपोर्ट से लौटेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सुबह 11:35 बजे कृषि महाविद्यालय परिसर से रवाना होकर 11:50 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 12:50 बजे निवास से प्रस्थान कर 1:10 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां आरक्षित कार्यक्रम के बाद दोपहर 1:30 बजे एयरपोर्ट से रवाना होंगे और 1:50 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
दोपहर 3 बजे दुर्ग पहुंचेंगे CM साय
दोपहर 2:25 बजे मुख्यमंत्री निवास से रवाना होकर 2:30 बजे रायपुर के पुलिस ग्राउंड हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर द्वारा दुर्ग के लिए प्रस्थान करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 3 बजे वे दुर्ग जिले के प्रथम बटालियन हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद कार द्वारा पुलगांव स्थित महेश कॉलोनी जाएंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 3:15 बजे महेश कॉलोनी पहुंचेंगे, जहां आयोजित आमसभा में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम शाम 4 बजे तक निर्धारित है।
दुर्ग में जनसभा के बाद पदयात्रा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम 4 बजे महेश कॉलोनी, पुलगांव से गंजपारा चौक तक आयोजित पदयात्रा में शामिल होंगे। पदयात्रा का समय शाम 4 बजे से 4:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके बाद मुख्यमंत्री गंजपारा चौक से रवाना होकर प्रथम बटालियन हेलीपैड पहुंचेंगे। शाम 4:50 बजे हेलीकॉप्टर से रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
शाम 5:40 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 5:20 बजे रायपुर के पुलिस ग्राउंड हेलीपैड पहुंचेंगे। वहां से शाम 5:25 बजे रवाना होकर 5:40 बजे धनेलीकला स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचेंगे। यहां उनका कार्यक्रम शाम 6:10 बजे तक आरक्षित रखा गया है। इस प्रकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पूरा दिन किसान कल्याण कार्यक्रम, दुर्ग की जनसभा, पदयात्रा और अन्य निर्धारित गतिविधियों में बीतेगा। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए संबंधित स्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।