Kondagaon. कोंडागांव। उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन मायापुर-पीपलकोटी टनल में हुए हादसे ने छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले को भी गहरा दर्द दिया है। इस हादसे में प्रभावित मजदूरों में कोंडागांव जिले के अलग-अलग गांवों के श्रमिक शामिल हैं। हादसे की खबर सामने आने के बाद जिले में शोक और चिंता का माहौल है। जानकारी के अनुसार टनल हादसे में घायल, लापता और मृत मजदूरों में कोंडागांव जिले के दहिकोंगा, संबलपुर, धनसुली (ईसलनार) और मड़ानार गांव के मजदूर शामिल हैं। प्रशासन और स्थानीय लोग लगातार मजदूरों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
दो मजदूर अस्पताल में भर्ती
मिली जानकारी के अनुसार चमोली के गोपेश्वर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराए गए घायलों में कोंडागांव जिले के दो मजदूर शामिल हैं। इनमें ग्राम दहिकोंगा निवासी 20 वर्षीय सुनील दीवान पिता संतोष दीवान और ग्राम संबलपुर निवासी 33 वर्षीय पेनसिंह नेताम पिता पीला सिंह का नाम शामिल है। दोनों मजदूरों का अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद दोनों मजदूरों के परिवारों में चिंता का माहौल है। परिजन अपने स्वजनों के स्वास्थ्य को लेकर लगातार जानकारी जुटा रहे हैं।
दो मजदूर अब भी लापता
टनल हादसे के बाद लापता मजदूरों में भी कोंडागांव जिले के दो श्रमिक शामिल हैं। इनमें ग्राम दहिकोंगा निवासी 22 वर्षीय देवनाथ पिता धनसुराम बघेल और ग्राम धनसुली (ईसलनार) निवासी 37 वर्षीय चेतन पोयाम पिता सोनाधर पोयाम शामिल हैं। लापता मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान जारी है। परिवारों को उम्मीद है कि उनके अपने लोग सुरक्षित मिल जाएंगे।
दो मजदूरों की मौत से गांव में मातम
इस हादसे में कोंडागांव जिले के दो मजदूरों की मौत की भी जानकारी सामने आई है। मृतकों में ग्राम धनसुली (ईसलनार) निवासी 24 वर्षीय लखेश्वर पोयाम पिता सोनसिंह पोयाम और ग्राम मड़ानार निवासी 25 वर्षीय भुनेश्वर पिता सुरेन्द्र कुमार शामिल हैं। मजदूरों की मौत की खबर से उनके गांवों में शोक की लहर फैल गई है। परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण अपने गांव के मजदूरों की सलामती के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।