CGMSC घोटाला: ACB/EOW ने 4 आरोपियों के खिलाफ 3500 पन्नों का चालान कोर्ट में पेश
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन (CGMSC) से जुड़े कथित घोटाला मामले में ACB/EOW ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने विशेष अदालत में चार आरोपियों के खिलाफ 3500 पन्नों से अधिक का विस्तृत चालान पेश किया है। यह चालान रायपुर स्थित ACB/EOW के विशेष न्यायाधीश नीरज शर्मा की अदालत में प्रस्तुत किया गया। इस मामले में जिन चार आरोपियों के खिलाफ चालान पेश किया गया है, उनमें अभिषेक कौशल, राकेश जैन, प्रिंस कोचर और कुंजल शर्मा शामिल हैं। सभी आरोपी वर्तमान में रायपुर सेंट्रल जेल में बंद हैं। इससे पहले इस केस में छह अन्य आरोपियों के खिलाफ भी चालान पेश किया जा चुका है। इस तरह अब तक कुल 10 आरोपियों के खिलाफ चालान अदालत में प्रस्तुत किया जा चुका है। जांच एजेंसी के अनुसार, यह मामला CGMSC से जुड़े विभिन्न अनुबंधों, आपूर्ति व्यवस्था और कंपनियों के माध्यम से हुए वित्तीय लेनदेन में अनियमितताओं से जुड़ा हुआ है।
पेश किए गए चालान में दस्तावेजों, बयान और वित्तीय रिकॉर्ड के आधार पर विस्तृत जांच रिपोर्ट शामिल है। अभिषेक कौशल पर आरोप है कि वह रिकॉर्डर्स मेडिकेयर सिस्टम प्रा. लि. कंपनी का संचालक है और कथित रूप से सप्लाई और टेंडर प्रक्रिया में शामिल रहा है। राकेश जैन शारदा इंडस्ट्रीज कंपनी का मालिक बताया गया है। वहीं प्रिंस कोचर रिकार्डस कंपनी में लायजिंग ऑफिसर के रूप में कार्यरत था और उसका संबंध शशांक चौपड़ा से भी बताया जा रहा है। कुंजल शर्मा डायसिस डायग्नोस्टिक इंडिया प्रा. लि. में मार्केटिंग हेड के रूप में कार्यरत रहा है। ACB/EOW अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे भी अन्य संदिग्ध लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस कथित घोटाले में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं तथा वित्तीय गड़बड़ियों का पूरा नेटवर्क क्या था। सूत्रों के अनुसार, जांच टीम ने कई दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड्स को भी अपने कब्जे में लिया है, जिनका विश्लेषण जारी है। आने वाले समय में इस मामले में और गिरफ्तारियां या नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।