Korba. कोरबा। जिले के दीपका थाना क्षेत्र में कोयला परिवहन को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर कटघोरा जेल भेज दिया गया है। साथ ही प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई करते हुए दोनों को उनकी नौकरी से भी हटा दिया गया है।
यह मामला दीपका थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 188/2026 से संबंधित है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 109(1), 296, 351(3) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ी गई है। प्रार्थी राहुल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 अप्रैल को वह ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान दीपका स्थित क्रांति दुकान के पास आरोपी चंदन सिंह और राहुल सिंह अपने साथियों के साथ कार से पहुंचे और उन पर अचानक हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने राहुल सिंह को जमीन पर गिराकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। घायल राहुल सिंह ने इलाज के बाद दीपका थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू की गई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन सिंह (25) और राहुल सिंह (24) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले के रहने वाले हैं और वर्तमान में कोरबा के झाबर क्षेत्र में रह रहे थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमला कोयला खदान क्षेत्र में परिवहन कार्य में दबदबा कायम करने को लेकर हुआ विवाद था। बताया जा रहा है कि इस विवाद में पांडे और आशीष रोड लाइन नामक कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा भी जुड़ी हुई है। पुलिस अब आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार दोनों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की प्रक्रिया भी प्रस्तावित की जा रही है। फिलहाल पूरे मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।