CG: महादेव किराना स्टोर में दूसरी बार बड़ी चोरी, CCTV में कैद हुआ चोर
छग
Takhatpur. तखतपुर। शहर के बालक हाई स्कूल रोड पर स्थित महादेव स्टोर में एक बार फिर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बीती रात अज्ञात चोर दुकान में घुसकर करीब 40 हजार रुपए के पान मसाला और किराना सामग्री पर हाथ साफ कर फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे पीछे के CCTV कैमरे में कैद हो गई है, हालांकि चोरी के दौरान चोर ने कैमरों की तार काटकर उन्हें बंद भी कर दिया था। दो वर्ष के भीतर इसी दुकान में यह दूसरी बड़ी चोरी है, जिससे स्थानीय व्यापारियों में दहशत और नाराज़गी बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, महादेव स्टोर संचालक महेंद्र कारड़ा पिता रमेश कारड़ा उम्र 33 वर्ष निवासी बालक हाई स्कूल, तखतपुर, रोज की तरह 7 दिसंबर की रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगली सुबह 8 दिसंबर को करीब 7 बजे जब उन्होंने मोबाइल पर CCTV कैमरों की जांच की, तो सभी कैमरों का फीड बंद दिखा। संदेह होने पर जब वे दुकान पहुंचे और शटर खोलकर अंदर गए, तो चोरी का पूरा मामला सामने आया। दुकान के अंदर काउंटर पर रखे सिक्के गायब थे। पान मसाला, तंबाकू, सिगरेट और बीड़ी के पैकेटों की बड़ी मात्रा भी चोरी हो चुकी थी। अंदर जाकर देखा तो लोहे का दरवाजा टूटा हुआ पाया गया। वहीं पीछे की तरफ जाकर देखने पर पता चला कि चोर ने दुकान की जाली तोड़कर अंदर प्रवेश किया था, और CCTV कैमरे की तार भी जानबूझकर काट दी थी ताकि वारदात रिकॉर्ड न हो सके। मगर पीछे लगे एक कैमरे में वह चोरी करते समय कैद हो गया।
चोर द्वारा चोरी किए गए सामान का विवरण इस प्रकार है—
गल्ले में रखे लगभग 10,000 रुपये के सिक्के,
पान पराग 10 पैकेट (₹2,500),
पान बहार 10 पैकेट (₹2,500),
मेघना बीड़ी 10 पुड़िया (₹3,100),
राजश्री और विमल के KP लगभग (₹5,000),
मेघना तंबाकू लगभग 26 पुड़िया (₹4,500),
लगभग 50 पुड़िया राजश्री (₹5,000),
और अन्य सिगरेट, पान मसाला एवं किराना सामग्री लगभग ₹4,000।
दुकान मालिक के अनुसार, चोरी की कुल कीमत लगभग 40 हजार रुपये है। चोरी की फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोर दुकान में घुसकर सामान बटोर रहा है और फिर कैमरे को बंद कर देता है। महेंद्र कारड़ा ने बताया कि दो वर्ष पहले भी इसी तरह की चोरी उनकी दुकान में हुई थी, लेकिन तब भी पुलिस आरोपी को नहीं पकड़ पाई थी। ऐसे में दोबारा चोरी होने से परिवार और व्यापारी वर्ग में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित की शिकायत पर तखतपुर पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए तखतपुर थाना प्रभारी विवेक पांडे ने मौके पर डॉग स्क्वॉड को भी बुलवाया है। पुलिस पड़ोसी दुकानों और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाई स्कूल के पास स्थित इस मुख्य सड़क में अक्सर रात के समय असामाजिक तत्वों की आवाजाही रहती है, जिससे चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल, क्षेत्र में इस वारदात से डर और चिंता का माहौल है, जबकि व्यापारी सुरक्षा बढ़ाने और रात के गश्त को मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।