CG BREAKING: अनवर ढेबर और अनिल टुटेजा रिमांड बढ़ी, नवनीत तिवारी भी 7 दिन की रिमांड पर
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कस्टम मिलिंग घोटाले में ईओडब्ल्यू-एसीबी (EOW-ACB) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए अनवर ढेबर और अनिल टुटेजा को रिमांड पर लिया है। दोनों आरोपियों को 21 जुलाई तक के रिमांड पर भेजा गया है। इससे पहले ईओडब्ल्यू-एसीबी ने दोनों को पिछले सप्ताह घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तार किया था। ईओडब्ल्यू ने कोर्ट को बताया कि कस्टम मिलिंग घोटाले में कई वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजी साक्ष्य की जांच की जानी बाकी है, जिसके लिए रिमांड आवश्यक है। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को आगामी 21 जुलाई तक ईओडब्ल्यू की हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं।
इधर, एक अन्य बड़ी कार्रवाई में कोयला घोटाले से जुड़े मामले में आरोपी नवनीत तिवारी को विशेष कोर्ट में पेश किया गया। ईओडब्ल्यू-एसीबी ने कोर्ट से नवनीत तिवारी की रिमांड की मांग की, जिस पर सुनवाई करते हुए विशेष कोर्ट ने आरोपी को 7 दिन की रिमांड पर सौंपने का आदेश दिया है। कोयला घोटाले में भी राज्य स्तर पर कई प्रभावशाली नामों की संलिप्तता सामने आ रही है, जिससे यह मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। ईओडब्ल्यू-एसीबी दोनों मामलों में तेजी से जांच कर रही है और रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।