CG: पिकनिक से लौटते समय ऑटो खाई में गिरा, दो युवकों की मौत

7 से अधिक लोग घायल

Update: 2026-05-18 18:34 GMT
Korba. कोरबा। बालको थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें पिकनिक से लौट रहे युवकों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 से अधिक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सतरंगा मुख्य मार्ग पर पुल के नीचे हुआ। ऑटो में लगभग 10 युवक सवार थे, जो पिकनिक मनाकर वापस लौट रहे थे। सभी युवक सिविल लाइन थाना क्षेत्र के खरमोरा बस्ती के निवासी बताए जा रहे हैं और उन्होंने कारीघाट क्षेत्र में पिकनिक मनाई थी। वापसी के दौरान ऑटो चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे तेज रफ्तार में चल रहा ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर सीधे खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि कई युवक वाहन के नीचे दब गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने हादसे की आवाज सुनकर तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर निजी वाहनों की मदद से बालको अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल कुछ युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मृतकों में खरमोरा निवासी 20 वर्षीय सत्यम यादव, पिता रामकुमार यादव का नाम सामने आया है। दूसरे मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। घायलों में 19 वर्षीय विष्णु कंवर, 22 वर्षीय भवानी कंवर, 23 वर्षीय नीरज कुमार, 20 वर्षीय वासु कंवर सहित अन्य युवक शामिल हैं। सभी का इलाज जारी है और उनकी हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जिला अस्पताल चौकी से मिली सूचना के आधार पर बालको थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ऑटो में क्षमता से अधिक सवारी बैठी थी और चालक की लापरवाही तथा तेज रफ्तार इस हादसे का कारण बनी। मोड़ पर वाहन का संतुलन बिगड़ने से यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।
Tags:    

Similar News