CG: न्यायालय परिसर में मारपीट मामला, 10 आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-05-20 18:01 GMT
Balrampur. बलरामपुर। वाड्रफनगर तहसील न्यायालय परिसर में जमीन विवाद की सुनवाई के दौरान हुए मारपीट मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं इस घटना में शामिल 8 अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जानकारी के अनुसार, न्यायालय परिसर में जमीन संबंधी प्रकरण की सुनवाई चल रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद अचानक भड़क गया और विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने कोर्ट परिसर के भीतर ही एक-दूसरे पर हमला कर दिया। घटना के दौरान अधिवक्ता के साथ भी हाथापाई किए जाने की बात सामने आई है।

जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गंभीर हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में 8 अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी पहचान कर ली गई है।

उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 115(2), 224, 190, 191(2), 112, 132 एवं 194 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। इस घटना ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और वकीलों ने भी कोर्ट परिसर में इस तरह की घटना को गंभीर लापरवाही बताया है और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द सभी को पकड़ने का दावा किया गया है।
Tags:    

Similar News