Raipur रायपुर। राजधानी में यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों और नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में मालवीय रोड और एमजी रोड क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान नो-पार्किंग में खड़े नौ वाहनों को क्रेन से हटाकर चालानी कार्रवाई की गई, वहीं दुकानों के बाहर सड़क और फुटपाथ पर रखा सामान भी हटवाया गया।
मालवीय रोड क्षेत्र में एसीपी ट्रैफिक कमलजीत पाटले के नेतृत्व में यातायात पुलिस की टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने उन दुकानदारों और व्यवसायियों को समझाइश दी, जिन्होंने दुकान की निर्धारित सीमा से बाहर सड़क या फुटपाथ पर सामान रखा हुआ था। व्यापारियों को निर्देश दिए गए कि सड़क और फुटपाथ का इस्तेमाल व्यावसायिक गतिविधियों के लिए न करें। ऐसा करने से न केवल वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है बल्कि पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इसी दौरान नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस के मुताबिक, बार-बार समझाइश के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए नौ वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया गया और नियमानुसार चालान किया गया। एमजी रोड में एसीपी ट्रैफिक रमेश येरेवार के नेतृत्व में नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। दुकानों के सामने सड़क और फुटपाथ की ओर रखे गए डमी पुतलों तथा अन्य सामान को जब्त किया गया। दुकान की सीमा से बाहर रखी सामग्री को भी अंदर करवाया गया।
संयुक्त टीम ने व्यापारियों से स्पष्ट कहा कि दुकान के बाहर डमी पुतले, डिस्प्ले सामग्री, टेबल, स्टैंड या अन्य सामान रखकर पैदल और वाहन आवागमन में बाधा न डालें। निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने की हिदायत दी गई। यातायात पुलिस का कहना है कि अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग शहर की सड़कों पर जाम की स्थिति पैदा करने वाले प्रमुख कारणों में शामिल हैं। ऐसे में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। यातायात पुलिस ने व्यापारियों से सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करने की अपील की है। नागरिकों से भी कहा गया है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करें और नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने से बचें। पुलिस और नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यातायात में बाधा बनने वाले अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।