Ramanujganj. रामानुजगंज। छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सनवाल क्षेत्र में हुए इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे ग्राम सनवाल के तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर डिंडो से सनवाल की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक डिंडो हाई स्कूल के सामने पहुंची।

उसी दौरान विमलापुरम–सनवाल मार्ग की ओर से आ रहे एक ट्रैक्टर से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। बताया जा रहा है कि दुर्घटनास्थल पर सड़क की स्थिति बेहद खराब थी। सड़क के एक ओर रेत और गिट्टी का ढेर लगा हुआ था, वहीं दूसरी ओर धान का पुआल रखा हुआ था। दोनों ओर अतिक्रमण और सामग्री रखे होने के कारण सड़क संकरी हो गई थी, जिससे वाहन चालकों को निकलने में काफी परेशानी हो रही थी।

इसी संकरी सड़क पर आमने-सामने से आए ट्रैक्टर और बाइक के बीच टक्कर हो गई। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बाइक सवार युवकों के हेलमेट तक टूट गए। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान मार्ग से गुजर रहे भाजपा नेता कृपाल कुशवाहा ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए घायलों की मदद की। उन्होंने बिना देरी किए अपने पिकअप वाहन से तीनों युवकों को वाड्रफनगर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने सुखलेश (उम्र 21 वर्ष) और राजनाथ (उम्र 30 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल शंख लाल को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

परिजनों ने बताया कि घायल शंख लाल हैदराबाद में मजदूरी करता था और कुछ दिन पहले ही गांव लौटा था। वह बस से मुरुकोल उतरा था, जहां से सुखलेश और राजनाथ के साथ बाइक में सवार होकर अपने गांव सनवाल जा रहा था। रास्ते में ही यह हादसा हो गया। तीनों युवक ग्राम सनवाल के ही निवासी थे और आपस में परिचित थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर फैले रेत, गिट्टी और पुआल को हादसे का प्रमुख कारण बताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
Tags: