बिहान से जुड़कर लखपति दीदी बनने की दिशा में बढ़े नवागांव की बिहान दीदियों के कदम
बलौदाबाजार। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन 'बिहान' योजना के अंतर्गत बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में स्व-सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करने के प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। महिला सशक्तिकरण की इस कड़ी में ग्राम नवागांव की धनलक्ष्मी महिला समूह की दीदियों ने स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक समृद्धि की एक नई मिसाल पेश की है। शासन की मंशा के अनुरूप महिलाओं को 'लखपति दीदी' बनाने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए समूह की महिलाओं को विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़ा गया है, जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार देखने को मिल रहा है।
धनलक्ष्मी महिला समूह की सदस्य दुलेश्वरी यादव बताती हैं कि बिहान योजना ने उन्हें घर की चारदीवारी से निकालकर एक सफल उद्यमी के रूप में नई पहचान दी है। समूह की महिलाएं वर्तमान में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को मकान निर्माण पूर्ण करने के लिए आवश्यक सामग्री जैसे ईंट, फ्लाई एश ब्रिक्स और सेंट्रिंग प्लेट आदि की आपूर्ति करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। जनवरी 2025 में इस कार्य की शुरुआत करने के बाद से अब तक समूह की दीदियों ने कड़ी मेहनत और लगन के बल पर एक लाख रुपये से अधिक की शुद्ध आय अर्जित कर ली है, जो उनके आर्थिक स्वावलंबन का प्रत्यक्ष प्रमाण है। जिले में संचालित इस सार्थक पहल के माध्यम से न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है, बल्कि उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़कर समाज में सशक्त स्थिति प्रदान की जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्यों में महिलाओं की यह भागीदारी निर्माण प्रक्रिया को गति देने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत कर रही है। नवागांव की इन महिलाओं की सफलता आज जिले के अन्य स्व-सहायता समूहों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है, जो यह दर्शाता है कि अवसर मिलने पर ग्रामीण महिलाएं भी आर्थिक रूप से समृद्ध और सक्षम बन सकती हैं।