रायगढ़: बुधवार सुबह जशपुर से रायगढ़ जा रही यात्री बस और ट्रक में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में 15 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना रैरूमाखुर्द चौकी क्षेत्र में हुई। आज सुबह करीब 9 बजे जशपुर जिले के नारायणपुर से रायगढ़ जा रही यात्री बस और ट्रक में तेजपुर के पास जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बस सवार 15 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
गंभीर रूप से घायल 7 यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए पत्थलगांव सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 8 घायल यात्रियों का धरमजयगढ़ अस्पताल में उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद धरमजयगढ़ एसडीएम भरत कौशिक और एसडीओपी सिद्धांत तिवारी भी सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की जानकारी ली। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल में घायलों की स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस नारायणपुर से रायगढ़ की ओर जा रही थी, इसी दौरान तेजपुर के पास ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। हादसे के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
Tags: