जगदलपुर में यूपी के ट्रक ड्राइवर से बर्बरता, मारपीट कर मांगी फिरौती, आरोपियों पर FIR

देखें VIDEO...

Update: 2025-08-03 13:55 GMT
Jagdalpur. जगदलपुर। बस्तर जिले के जगदलपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने न सिर्फ इंसानियत को शर्मसार किया, बल्कि कानून व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। उत्तर प्रदेश के एक ट्रक ड्राइवर के साथ मारपीट, अमानवीय व्यवहार और फिरौती मांगने जैसी गंभीर घटनाओं को अंजाम दिया गया। पीड़ित ट्रक चालक ने बोधघाट थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि वह माल लेकर उत्तर प्रदेश से जगदलपुर पहुंचा था। यहां एक स्थानीय कबाड़ व्यापारी नितिन साहू ने उससे गैरकानूनी तरीके से तांबा-पीतल सप्लाई करने का दबाव बनाया। ड्राइवर द्वारा जब इसका विरोध किया गया तो स्थिति हिंसक हो गई।


आरोप है कि आरोपी ने ड्राइवर को जबरन एक फार्म हाउस में ले जाकर उसके कपड़े उतरवाए, तीन घंटे तक डंडों और बेल्ट से पीटा गया। इसके साथ ही उसे नचाया गया और उसके ऊपर पेशाब किया गया, जो अत्यंत अमानवीय और शर्मनाक कृत्य है। इस दौरान आरोपी ने पीड़ित के रिश्तेदार को वीडियो कॉल कर पूरी
घटना
दिखाई और उस पर फिरौती की मांग की। पीड़ित का रिश्‍तेदार, जो उत्तर प्रदेश में ही था, ने सूझबूझ दिखाते हुए वीडियो कॉल को रिकॉर्ड कर लिया और तत्काल बोधघाट थाना पुलिस को साक्ष्य सहित शिकायत दी।


बोधघाट थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि मिले वीडियो सबूतों और शिकायत के आधार पर आरोपी नितिन साहू और उसके साथी आयुष राजपूत के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पीड़ित ने यह भी बताया कि जगदलपुर में बर्बरता के बाद उसे जबरन तेलंगाना के हैदराबाद ले जाया गया, जहां फिर से मारपीट की गई और जंगल में फेंक दिया गया। वहां से किसी तरह वह खुद को बचाते हुए उत्तर प्रदेश पहुंचा, जहां उसे तीन दिन तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा। स्वास्थ्य लाभ के बाद पीड़ित ने दोबारा
जगदलपुर
आकर शिकायत दर्ज कराई, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ। इस घटना ने न केवल स्थानीय प्रशासन को हिला कर रख दिया है, बल्कि कबाड़ कारोबार से जुड़े कुछ लोगों की आपराधिक मानसिकता और नेटवर्क को भी उजागर किया है।


पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई
बोधघाट थाना पुलिस ने आरोपी नितिन साहू और आयुष राजपूत के खिलाफ गंभीर आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
Tags:    

Similar News