दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग, मंदिर के पास फूल तोड़ रही महिला से सोने की चेन लूटी

छग

Update: 2026-06-20 16:19 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में सुबह एक महिला से चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना उस समय हुई जब महिला अपने घर के बाहर स्थित शिव मंदिर के पास फूल तोड़ रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार, सिरगिट्टी क्षेत्र निवासी 50 वर्षीय शोभा साहू रोज की तरह सुबह शिव मंदिर के पास फूल तोड़ रही थीं। इसी दौरान आश्रम परिषद की दिशा से दो बाइक पर सवार तीन युवक मौके पर पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने महिला को धक्का देकर उनके गले में पहनी सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला संभल भी नहीं पाई।


बताया जा रहा है कि लूटी गई सोने की चेन का वजन लगभग एक तोला था। वारदात के बाद महिला ने तुरंत अपने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी यशवंत प्रताप सिंह ने बताया कि अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों का सुराग मिल सके। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला सुनियोजित अपराध प्रतीत हो रहा है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ा दी गई है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
Tags:    

Similar News