Bilaspur News: बिलासपुर कलेक्टर बोले- अब स्थिति नियंत्रण में है, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी
दो पक्षों के विवाद का मामला.
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के खपरगंज में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार देर रात दो पक्षों की भिड़ंत और पथराव तक पहुंच गया. मारपीट और गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष आमने-सामने आए गए और फिर जमकर पथराव होने लगा. घटना में कुछ लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है.
दरअसल, सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात संभालने के प्रयास शुरू किए. मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके बुलाया गया और खपरगंज समेत आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई. पुलिस की त्वरित कार्रवाई कर स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में ले लिया, जिससे मामला बढ़ने से टल गया.
हालात पूरी तरह सामान्य
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह सहित पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक वरिष्ठ अधिकारी कोतवाली थाने में ही मौजूद रहे.
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बिलासपुर की पहचान आपसी भाईचारे और सौहार्द से है, इसे खराब करने की किसी भी कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की.
किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि मारपीट और पथराव की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया था और अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. उन्होंने कहा कि पुरानी दुश्मनी या निजी विवाद को शहर का माहौल खराब करने के लिए इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
एसएसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट के बाद आई प्रतिक्रिया, मारपीट की शुरुआत और पथराव तक की पूरी जांच की जा रही है. दोनों पक्षों से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. खपरगंज समेत आसपास के इलाकों में पुलिस की गश्त लगातार जारी है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट करने या शहर का माहौल बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.