“धैर्य रखें, जल्दबाजी न करें- सड़क सुरक्षा ही जीवन रक्षा है”: SSP सूरजपुर
छग
Surajpur. सूरजपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार, 16 जनवरी 2026 को चौकी बसदेई क्षेत्र के ग्राम सुंदरपुर में यातायात जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि धैर्य रखें, सड़क पर जल्दबाजी न करें और “दुर्घटना से देर भली” के सिद्धांत को अपने जीवन में अपनाएं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का सबसे मजबूत आधार है।
डीआईजी/एसएसपी श्री ठाकुर ने कहा कि वाहन चलाते समय यह याद रखना चाहिए कि जब कोई व्यक्ति घर से बाहर निकलता है तो उसके साथ पूरे परिवार की जिम्मेदारी चलती है। सड़क पर की गई छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने विशेष रूप से कोहरे और धुंध के मौसम में सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि वाहन चालकों को गति सीमित रखनी चाहिए, वाहन में रिफ्लेक्टर टेप अवश्य लगाना चाहिए ताकि रात और कोहरे में वाहन स्पष्ट रूप से दिखाई दे सके।
कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय मदनेश्वर शरण सिंहदेव एवं पीआरए ग्रुप के सहयोग से 50 जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों, जवानों और ग्रामीणों ने बाइक पर हेलमेट रैली निकालकर हेलमेट पहनने और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। रैली के माध्यम से आमजन को यह बताया गया कि हेलमेट और सीट बेल्ट दिखावे की वस्तु नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण साधन हैं। डीआईजी/एसएसपी श्री ठाकुर ने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने से दुर्घटना के दौरान मृत्यु का खतरा 61 प्रतिशत तक कम हो सकता है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों के पालन को लेकर की जाने वाली सख्ती का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाना है।
उन्होंने ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा से जुड़ी जानकारियों को अपने गांव, मोहल्ले और परिवार तक जरूर पहुंचाएं, क्योंकि एक सही जानकारी किसी की जान बचा सकती है। उन्होंने नशे की हालत में वाहन चलाने को घातक और गैरकानूनी बताते हुए कहा कि यह न केवल चालक, बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन को भी खतरे में डालता है। कार्यक्रम में एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा, चौकी प्रभारी बसदेई योगेंद्र जायसवाल, यातायात प्रभारी बृजकिशोर पाण्डेय, जिला पंचायत सदस्य भुनेश्वरी राजवाड़े, जनपद सदस्य राजू गुप्ता, गणपत पाटील, मंडल अध्यक्ष सुनील साहू, बसदेई सरपंच मनोज सिंह, ऊंचडीह सरपंच दिलीप सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।