Raipur रायपुर। राजधानी के देवेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में उधारी के पैसों को लेकर विवाद के बाद दो युवकों से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद देवेन्द्र नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक घटना में शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
फोन कर मांगे एक लाख रुपये
पुलिस के अनुसार राजातालाब निवासी हसनैन सिद्दिकी और असजद खान दोस्त हैं। 30 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे दोनों घर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान हसनैन के मोबाइल पर अब्दुल हकीम का फोन आया। उसने हसनैन से एक लाख रुपये की मांग की। हसनैन ने पूर्व में लिए गए दो लाख रुपये लौटाने की बात कही। इसके बाद अब्दुल हकीम ने दोनों दोस्तों को देवेन्द्र नगर मुक्तिधाम के सामने मिलने के लिए बुलाया।
मौके पर मौजूद थे कई लोग
शिकायत के मुताबिक, हसनैन और असजद बताए गए स्थान पर पहुंचे तो वहां अब्दुल हकीम के साथ हुसैन उर्फ बिट्टू, जावेद और सोनू भी मौजूद थे। आरोप है कि हकीम ने एक लाख रुपये देने के लिए दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज की। इसके बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। पुलिस के अनुसार जावेद और हुसैन उर्फ बिट्टू ने असजद खान के साथ हाथ-मुक्का और धातु की वस्तु से मारपीट की। इस दौरान सोनू पर भी मारपीट में शामिल होने का आरोप है।
बेल्ट से मारपीट, सिर में आई चोट
इसी दौरान अब्दुल हकीम और सोनू ने हसनैन सिद्दिकी के साथ हाथ-मुक्का और बेल्ट से मारपीट की। मारपीट के दौरान हसनैन सड़क पर गिर गया, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर देवेन्द्र नगर थाने में अपराध क्रमांक 144/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(2), 119(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी देवेन्द्र नगर के नेतृत्व में पुलिस ने पीड़ितों सहित अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की और आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर अब्दुल हकीम, सौरभ यादव उर्फ सोनू और जावेद मेमन को गिरफ्तार कर लिया। तीनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Tags: