छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ में देर रात नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। विभाग ने एक साथ 100 अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले किए हैं। इस संबंध में राज्य शासन की ओर से स्थानांतरण आदेश जारी किया गया है। तबादला सूची में 53 मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) और 24 अभियंताओं सहित विभिन्न पदों पर कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। इस बड़े फेरबदल के बाद प्रदेश के कई नगरीय निकायों में प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा।





जारी जानकारी के अनुसार, नगरीय प्रशासन विभाग ने 53 मुख्य नगर पालिका अधिकारियों और 24 अभियंताओं का स्थानांतरण किया है। इसके अलावा 5 लेखापाल, 4 स्वास्थ्य निरीक्षक, 4 भृत्य, 3 कैशियर और 3 सहायक ग्रेड-3 कर्मचारियों को भी नई पदस्थापना दी गई है। वहीं एक स्टेनोग्राफर, एक सहायक राजस्व निरीक्षक, एक कम्प्यूटर ऑपरेटर और एक वाहन चालक का भी तबादला किया गया है। इस तबादला आदेश में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि विभाग ने निलंबित चल रहे तीन मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को बहाल करते हुए नई जिम्मेदारी सौंपी है। इनमें विकास पाटले, विष्णु प्रसाद यादव और जफर खान शामिल हैं। हालांकि तीनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच पहले की तरह जारी रहेगी।
राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, विकास पाटले को दल्ली राजहरा नगर पालिका में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर पदस्थ किया गया है। विष्णु प्रसाद यादव को वाड्रफनगर नगर पंचायत और जफर खान को बिलाईगढ़ नगर पंचायत में मुख्य नगर पालिका अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि तीनों अधिकारियों की बहाली से उनके विरुद्ध चल रही विभागीय जांच प्रभावित नहीं होगी। जांच पूरी होने के बाद उसके गुण-दोषों के आधार पर निलंबन अवधि के संबंध में अलग से निर्णय लिया जाएगा।
नगरीय प्रशासन विभाग के इस बड़े स्थानांतरण आदेश के बाद प्रदेश के नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों से जुड़े प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ गई है। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले को नगरीय प्रशासन की व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
Tags: