Sukma. सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में कभी नक्सल प्रभाव और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण प्रशासन से दूरी महसूस करने वाले अंदरूनी गांवों में अब बदलाव की तस्वीर दिखाई देने लगी है। शासन की योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर ने विभिन्न अंदरूनी गांवों का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं की जमीनी स्थिति का निरीक्षण करने के साथ ही किसानों और ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों की मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर ने मरईगुड़ा, गोलापल्ली, सेंदूरगुड़ा, किस्ताराम और तिगनपल्ली सहित विभिन्न अंदरूनी क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान कलेक्टर का स्वयं बाइक चलाकर सेंदूरगुड़ा पहुंचना ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय रहा। कलेक्टर ने किसानों के खेतों तक पहुंचकर खेती-किसानी की स्थिति का जायजा लिया और उनकी समस्याओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर आत्मीय संवाद किया। इस पहल के माध्यम से प्रशासन और ग्रामीणों के बीच की दूरी कम करने का संदेश दिया गया। गांवों तक प्रशासनिक अधिकारियों की सीधी पहुंच से स्थानीय समस्याओं को समझने और उनके निराकरण की दिशा में कार्ययोजना तैयार करने में मदद मिलेगी।
किसानों से चर्चा के दौरान कम धान उत्पादन और कृषि संबंधी परेशानियों की जानकारी सामने आई। कलेक्टर ने किसानों को कृषक उन्नति योजना के लाभों से अवगत कराया। इसके साथ ही पारंपरिक धान की खेती के अलावा फसल विविधीकरण अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने आगामी वर्ष से मिर्च, कपास और ऑयल पाम जैसी वैकल्पिक फसलों की खेती पर शासन द्वारा प्रति एकड़ 15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दिए जाने की जानकारी दी। कलेक्टर ने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को
वैकल्पिक फसलों
की खेती करने के इच्छुक किसानों का पंजीयन करने के निर्देश दिए। वहीं, तिगनपल्ली तालाब से करीब 150 एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नहर निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र के किसानों को खेती-किसानी में मदद मिलने की उम्मीद है।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने गोलापल्ली और किस्ताराम स्थित धान खरीदी केंद्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों में उपलब्ध तौल मशीनों और नमी मापक यंत्रों की जांच की। खरीदी प्रभारियों को निर्धारित नियमों का पालन करते हुए पारदर्शिता के साथ धान खरीदी करने तथा शून्य शॉर्टेज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। किस्ताराम धान खरीदी केंद्र में आगामी खरीदी सीजन के लिए आवश्यक सुविधाओं के विस्तार पर भी चर्चा की गई। केंद्र में चबूतरा निर्माण, शेड, गोदाम और पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने की दिशा में पहल की गई।
कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ ने मरईगुड़ा बालक आश्रम का निरीक्षण कर वहां अध्ययनरत बच्चों से सीधे बातचीत की। अधिकारियों ने बच्चों से आश्रम में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। पेयजल संबंधी समस्या को देखते हुए मरईगुड़ा और गोलापल्ली क्षेत्र के सभी आठ आश्रमों में पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। अरलापेंटा में ग्रामीणों ने पुल, आंगनबाड़ी भवन और रंगमंच निर्माण की मांग रखी। प्रशासन की ओर से इन कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया गया। इसके अतिरिक्त ग्रामीणों ने कोटा-गोलापल्ली-किस्ताराम और मरईगुड़ा सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने की मांग की। खेल मैदान, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और निर्बाध बिजली आपूर्ति से संबंधित समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखी गईं।
प्रशासन ने ग्रामीणों की मांगों पर सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिलाया। सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और कृषि जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। सुकमा जिले के दुर्गम क्षेत्रों में प्रशासन की सक्रियता से ग्रामीणों के बीच विकास की उम्मीद मजबूत हो रही है। अधिकारियों का स्वयं गांवों तक पहुंचना, किसानों के खेतों का निरीक्षण करना और ग्रामीणों के साथ सीधे संवाद करना प्रशासनिक पहुंच बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ के इस दौरे से अंदरूनी गांवों में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रस्ताव तैयार करने और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देशों से क्षेत्र के विकास की संभावनाएं बढ़ी हैं।
Tags: