बिना लाइसेंस संचालित कोमाखान का आंचल नर्सिंग होम सील
स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई
Mahasamund. महासमुंद। जिले में बिना वैध लाइसेंस के संचालित निजी अस्पतालों एवं नर्सिंग होम के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी महासमुंद के निर्देशानुसार नर्सिंग होम एक्ट निरीक्षण दल ने कोमाखान स्थित आंचल नर्सिंग होम को नियमों के उल्लंघन और बिना वैध लाइसेंस के संचालन के चलते सील कर दिया है। औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल में बिना योग्य चिकित्सक और प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ के मरीजों को भर्ती कर उपचार किए जाने का मामला सामने आया। अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन के बाद एक मरीज तथा नसबंदी (ट्यूबेक्टॉमी) की एक मरीज भर्ती मिली।स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि कोमाखान क्षेत्र में आंचल नर्सिंग होम का संचालन बिना नर्सिंग होम एक्ट के वैध लाइसेंस के किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर सीएमएचओ के निर्देश पर गठित निरीक्षण दल ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दल ने पाया कि अस्पताल में एक मरीज का सिजेरियन ऑपरेशन किया गया था, जबकि नसबंदी ऑपरेशन की एक अन्य मरीज भर्ती थी। गंभीर स्थिति यह थी कि निरीक्षण के समय अस्पताल में न तो कोई योग्य चिकित्सक मौजूद था और न ही कोई प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ उपस्थित था। इस तरह मरीजों के उपचार एवं देखभाल के लिए आवश्यक चिकित्सकीय व्यवस्था भी मौके पर उपलब्ध नहीं मिली।निरीक्षण दल द्वारा अस्पताल प्रबंधन से नर्सिंग होम के संचालन से संबंधित पंजीयन एवं लाइसेंस सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया। लेकिन प्रबंधन कोई भी वैध पंजीयन या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। मौके पर दर्ज किए गए कथन में अस्पताल प्रबंधन ने स्वीकार किया। बिना वैध दस्तावेजों के पिछले 8 माह से ओपीडी का संचालन किया जा रहा था। वहीं, विगत 4 माह से मरीजों को भर्ती कर उपचार एवं ऑपरेशन भी किए जा रहे थे।
इस प्रकार अस्पताल में लंबे समय से बिना वैधानिक अनुमति के स्वास्थ्य सेवाएं संचालित किए जाने का मामला सामने आया।निरीक्षण दल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच एवं पालन प्रतिवेदन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, महासमुंद को सौंपा। इसके बाद सीएमएचओ द्वारा संबंधित संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब एवं वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित प्रक्रिया के तहत जवाब एवं दस्तावेजों की समीक्षा के बाद संतोषजनक जवाब नहीं मिलने तथा वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किए जाने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आज मौके पर पहुंचकर आंचल नर्सिंग होम को विधिवत सील बंद करने की कार्रवाई की।स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि जिले में बिना वैध पंजीयन एवं लाइसेंस के निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम का संचालन तथा निर्धारित चिकित्सकीय मानकों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मरीजों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए ऐसे संस्थानों के विरुद्ध निरीक्षण एवं नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।