MCB. एमसीबी। जिले में धान खरीदी को लेकर किसानों में उत्साह और हर्ष का माहौल है। शासन द्वारा किसानों की उपज के सुव्यवस्थित उपार्जन एवं उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए की गई व्यवस्थाओं का सकारात्मक प्रभाव खरीदी केंद्रों में देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में एमसीबी जिले के ग्राम धौलपुर निवासी किसान बजरंग सिंह अपनी 80.00 क्विंटल धान की उपज लेकर कोड़ा धान उपार्जन केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने खरीदी व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया।

किसानों की सुविधा के लिए शुरू की गई ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से धान विक्रय प्रक्रिया आसान और सुविधाजनक हो गई है। अब किसानों को टोकन प्राप्त करने के लिए लंबी कतारों में खड़े होने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त करने की सुविधा से किसानों के समय और श्रम की बचत हो रही है तथा वे निर्धारित तिथि पर आसानी से अपनी उपज लेकर खरीदी केंद्र पहुंच रहे हैं। उपार्जन केंद्र में धान खरीदी के लिए सुव्यवस्थित व्यवस्था, पर्याप्त बारदाने, तौल की सुविधा तथा किसानों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इन सुविधाओं के चलते किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। शासन द्वारा किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिल रही है। किसान बजरंग सिंह ने धान खरीदी की बेहतर व्यवस्था, ऑनलाइन टोकन सुविधा एवं किसानों के हित में लिए जा रहे निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की किसान हितैषी पहल से धान विक्रय प्रक्रिया आसान हुई है और किसानों को काफी सुविधा मिल रही है।
Tags: