रायपुर में चाकू लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, रामनगर पुलिस ने की कार्रवाई
छग
रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध रूप से धारदार हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में गुढ़ियारी थाना क्षेत्र की रामनगर चौकी पुलिस ने धारदार चाकू लेकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से स्टील का धारदार चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को रामनगर चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामनगर स्थित कबीर चौक सब्जी बाजार के पास रेलवे पटरी के किनारे एक युवक हाथ में चाकू लेकर घूम रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया और तत्काल टीम को मौके के लिए रवाना किया। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम राजा राजपूत नेपाली उर्फ चीरा गुड्डू, उम्र 26 वर्ष, निवासी बुद्ध चौक रामनगर, थाना गुढ़ियारी, जिला रायपुर बताया।
पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो उसके कब्जे से स्टील का धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी से चाकू रखने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में चाकू को विधिवत जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और 31 अक्टूबर को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड प्राप्त करने की कार्रवाई की गई है।