आमापारा चौक पर चाकू लहराते युवक गिरफ्तार, पुलिस ने किया आर्म्स एक्ट में केस दर्ज

छग

Update: 2025-09-22 14:17 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में थाना आजाद चौक पुलिस ने रविवार को गश्त के दौरान एक युवक को रंगे हाथ चाकू लहराते हुए पकड़ा। युवक की हरकत से आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए थे। पुलिस ने मौके से धारदार चाकू जब्त किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 21 सितंबर 2025 को सुबह करीब 09:25 बजे आजाद चौक थाना में पदस्थ उपनिरीक्षक अपने हमराह स्टाफ आरक्षक 321 मुकेश पांडेय और आरक्षक 1063 सचित शर्मा के साथ टाउन पेट्रोलिंग और कानून व्यवस्था ड्यूटी पर निकले थे। जब पुलिस टीम आमापारा चौक पहुंची, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक पार्किंग क्षेत्र के पास चाकू लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा है। मुखबिर ने युवक का हुलिया बताया—पतला-दुबला शरीर, सफेद शर्ट और नीली जीन्स पहने हुए।
गवाहों की मौजूदगी में गिरफ्तारी
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गवाह हरीशंकर फुटान और पप्पू ढीमर को मौके पर बुलाया। इसके बाद टीम ने बताये गए हुलिये वाले युवक की घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम संजय भोई पिता रामकुमार भोई, उम्र 22 वर्ष, निवासी बजरंग नगर, थाना आजाद चौक, रायपुर बताया।
चाकू बरामद
पकड़े गए युवक के पास से पुलिस ने एक लोहे का चाकू बरामद किया।
फल की लंबाई: 7 इंच
मूठ की लंबाई: 5 इंच
धार: तेज और धारदार
जब पुलिस ने आरोपी से चाकू रखने के संबंध में दस्तावेज मांगे तो वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। मौके पर पंचों की मौजूदगी में चाकू को जप्त कर कब्जे में लिया गया।
कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि आरोपी का यह कृत्य अपराध की श्रेणी में आता है। चाकू रखने और सार्वजनिक स्थल पर लोगों को डराने-धमकाने की वजह से आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी संजय भोई को 21 सितंबर को दोपहर 12:30 बजे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई नहीं करती, तो आरोपी युवक की हरकत से कोई अनहोनी या गंभीर अपराध घट सकता था। पुलिस की तत्परता से न केवल चाकू जब्त हुआ बल्कि आम जनता में भी सुरक्षा का भरोसा कायम हुआ। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रायपुर में सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था को बिगाड़ने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
Tags:    

Similar News