मिनी गोवा में नहाने गया युवक पानी में डूबा, SDRF का रेस्क्यू अभियान जारी
छग
Jagdalpur. जगदलपुर। बस्तर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चित्रकूट वॉटरफॉल के पास गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां मिनी गोवा क्षेत्र में पिकनिक मनाने पहुंचे युवकों के समूह में से एक युवक पानी में नहाते समय गहरे पानी में डूब गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, धरमपुरा निवासी 21 वर्षीय अभय नारायण सिंह अपने 6 दोस्तों के साथ मिनी गोवा घूमने पहुंचा था। सभी युवक पिकनिक मनाने के दौरान वॉटरफॉल के पास पानी में नहा रहे थे। इसी दौरान अभय अनजाने में गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव की चपेट में आ गया। साथी युवकों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। देखते ही देखते युवक पानी में लापता हो गया। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस, SDRF और जिला बाढ़ बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन गहराई और तेज बहाव की वजह से सफलता नहीं मिल पाई।
शाम होते-होते अंधेरा छा जाने के कारण सर्च अभियान को रोकना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा कारणों से अंधेरे में अभियान जारी रखना संभव नहीं था। शुक्रवार सुबह से SDRF की टीम फिर से सर्चिंग अभियान शुरू करेगी। स्थानीय ग्रामीणों और पर्यटकों ने भी रेस्क्यू टीम को सहयोग दिया। वहीं इस हादसे के बाद क्षेत्र में मातम का माहौल है। मृतक युवक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है, वे देर रात घटनास्थल पर पहुंचे। उल्लेखनीय है कि चित्रकूट वॉटरफॉल और मिनी गोवा क्षेत्र में हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग पिकनिक के लिए पहुंचते हैं। यहां गहरे पानी और तेज बहाव के चलते पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं। प्रशासन समय-समय पर सावधानी बरतने की अपील करता रहा है, लेकिन इसके बावजूद लोग सुरक्षा नियमों की अनदेखी करते हैं, जिससे इस तरह की दुर्घटनाएं होती हैं। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे वॉटरफॉल और मिनी गोवा जैसे जोखिम भरे इलाकों में नहाने से बचें और अपने बच्चों व परिवार के साथ सुरक्षित स्थानों पर ही समय बिताएं।