रायपुर: ई-रिक्शा में महिलाओं के बीच बैठी थी महिला अधिकारी, मौका पाकर चोर ने उड़ाई सोने की चेन
छत्तीसगढ़.
रायपुर: राजधानी के पेंशन बाड़ा इलाके में एक महिला अधिकारी के साथ ई-रिक्शा में चोरी की वारदात सामने आई है। ई-रिक्शा में सवार अज्ञात महिला सह-यात्रियों ने धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर अधिकारी के गले से 1 तोला सोने की चेन पार कर दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुढियारी (जनता कॉलोनी) निवासी मंजु लता साहू, जो राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा रायपुर में सहायक संचालक के पद पर पदस्थ हैं, सुबह अपने परिचित के साथ दफ्तर जाने निकली थीं। बारिश होने के कारण वह जेल रोड बस स्टॉप के पास ई-रिक्शा में सवार हुईं।
ई-रिक्शा चालक खालसा स्कूल और अंबेडकर चौक होते हुए आगे बढ़ा। रास्ते में ई-रिक्शा में 6 अन्य महिलाएं भी सवार हो गईं। कुल 7 सवारियां होने के कारण ई-रिक्शा में काफी भीड़ हो गई थी और बैठी महिलाओं द्वारा धक्का-मुक्की की जा रही थी।
इसी धक्का-मुक्की के बीच पीड़ित महिला पेंशन बाड़ा 'हमर क्लिनिक' के पास ई-रिक्शा से उतर गईं। उतरने के बाद जब उन्होंने अपने गले में हाथ लगाया, तो करीब 1 तोला सोने की चेन गायब थी। पीड़ित के अनुसार, ई-रिक्शा में सवार महिलाओं में से ही किसी ने भीड़ का फायदा उठाकर यह चोरी की है।
मामले में कोतवाली पुलिस ने शिकायतकर्ता मंजु लता साहू की रिपोर्ट पर धारा 303(2) बीएनएस (BNS) के तहत अज्ञात महिला आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीम इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात महिलाओं व ई-रिक्शा चालक की तलाश में जुट गई है।