Raipur. रायपुर। नया रायपुर स्थित इंद्रावती भवन में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब भवन की लिफ्ट में 7 से 8 अधिकारी और कर्मचारी फंस गए। करीब आधे घंटे तक सभी लोग लिफ्ट के अंदर ही फंसे रहे। घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्हें बाहर निकालने की कोशिश शुरू की गई। काफी जद्दोजहद के बाद लिफ्ट में फंसे सभी अधिकारी-कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। जानकारी के मुताबिक इंद्रावती भवन में अधिकारी और कर्मचारी सामान्य रूप से अपने कार्यालयीन कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान भवन की एक लिफ्ट में 7 से 8 लोग सवार हुए। लिफ्ट चलते-चलते अचानक रुक गई, जिससे अंदर मौजूद अधिकारी और कर्मचारी फंस गए।
लिफ्ट के अचानक बंद होने से अंदर मौजूद लोगों में घबराहट की स्थिति बन गई। इसकी जानकारी भवन में मौजूद अन्य कर्मचारियों और संबंधित लोगों को मिली, जिसके बाद लिफ्ट में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कवायद शुरू की गई। बताया जा रहा है कि करीब आधे घंटे तक अधिकारी और कर्मचारी लिफ्ट में फंसे रहे। काफी प्रयास और जद्दोजहद के बाद लिफ्ट को खोलकर सभी को बाहर निकाला जा सका। घटना के बाद इंद्रावती भवन में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इस घटना के बाद भवन में लगी लिफ्ट के रखरखाव को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि लिफ्ट का मेंटेनेंस काफी समय से नहीं हुआ है। हालांकि लिफ्ट अचानक किस तकनीकी खराबी के कारण बंद हुई, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।