जगदलपुर नगर निगम में अब तक 69% मतदान दर्ज

छग

Update: 2025-02-11 16:12 GMT
Jagdalpur. जगदलपुर। जगदलपुर नगर निगम में महापौर के लिए मंगलवार सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान हुआ। अब तक 69% वोटिंग हुई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह, पूर्व विधायक, बीजेपी-कांग्रेस प्रत्याशी, कलेक्टर-एसपी समेत 1 लाख से अधिक मतदाताओं ने वोट डाला। वहीं, ड्यूटी पर तैनात जवान को मिर्गी का दौरा पड़ा है। जिसे साथी जवान अस्पताल ले गए। जबकि निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी ने फर्जी वोटिंग करने का आरोप लगाया है। मेयर के लिए 5 और 48 वार्डों में 154 पार्षद प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। जिनकी किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है। इसके नतीजे 15 फरवरी को आएंगे।

जगदलपुर में कुल 124 पोलिंग बूथ बनाए गए, जहां मतदान हुआ। यहां कुल 1 लाख 436 मतदाता है। जिसमें 47 हजार 557 पुरुष और 52 हजार 852 महिला मतदाता है। वहीं तृतीय लिंग के 27 वोटर्स हैं। पुरुष मतदाताओं की तुलना में महिला वोटर्स की संख्या ज्यादा है। जगदलपुर में मेयर चुनाव के लिए कांग्रेस और भाजपा के अलावा 5 कैंडिडेट्स चुनावी अखाड़े में भाग्य आजमाने उतरे हैं। स्क्रूटनी के बाद 7 लोगों के नामांकन सही पाए गए थे। जिसमें नाम वापसी के अंतिम दिन 2 प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया था। अब मेयर कुर्सी के लिए 5 के बीच चुनावी दंगल है।
Tags:    

Similar News

-->