रायपुर में ऑनलाइन सट्टा गिरोह के 6 सट्टेबाज गिरफ्तार, देखें VIDEO...

छग

Update: 2026-04-10 13:34 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन और पट्टी के माध्यम से सट्टा संचालित करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। क्राइम एवं साइबर यूनिट और गुढियारी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 9.05 लाख रुपये नगद सहित मोबाइल फोन, सट्टा पट्टी और अन्य सामग्री जब्त की गई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गुढियारी थाना क्षेत्र के गोंदवारा स्थित ओवरब्रिज के नीचे कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर दो आरोपियों राजा साहू और अभय साहू को पकड़ा। उनके मोबाइल फोन की जांच में ऑनलाइन बैटिंग साइट के जरिए सट्टा संचालन का खुलासा हुआ। आरोपी “Cribet99” नामक वेबसाइट की मास्टर आईडी के माध्यम से सट्टा चला रहे थे और फोन कॉल के जरिए भी मैच में हार-जीत पर दांव लगवा रहे थे। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे मंजीत सिंह और रोहित मोटवानी के लिए काम कर रहे थे।


जो पूरे नेटवर्क का संचालन करते थे। इसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर मंजीत सिंह, रोहित मोटवानी, हरीश सकलेचा और आकाश सिन्हा को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि ये आरोपी ऑनलाइन के साथ-साथ सट्टा पट्टी के जरिए भी अवैध सट्टा चला रहे थे। पुलिस के अनुसार,
आरोपी
मंजीत सिंह गुढियारी थाना का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास, जुआ एक्ट सहित करीब दो दर्जन मामले दर्ज हैं। यह गिरोह क्रिकेट मैचों में सट्टा लगवाकर जीत-हार के आधार पर कमीशन वसूलता था और बड़ी रकम का अवैध लेनदेन करता था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 9,05,238 रुपये नगद, 8 मोबाइल फोन, सट्टा पट्टी, कैलकुलेटर और पेन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 13 लाख रुपये आंकी गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ गुढियारी थाना में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसके विस्तार की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में अवैध सट्टा गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई को रायपुर में सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Tags:    

Similar News