Raigarh. रायगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत लैलूंगा पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 43 लीटर हाथ भट्ठी से बनी कच्ची महुआ शराब जब्त करने का दावा किया है। इसके साथ ही शराब बनाने के लिए रखा करीब 100 बोरी महुआ भी गवाहों की मौजूदगी में नष्ट कराया गया। पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में टीम ग्राम राजपुर, कोड़ासिया, बेसराबहार, घटगांव, भालूकोना, रूपडेगा और खम्हार क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली अलग-अलग सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की गई।
पहली कार्रवाई ग्राम पुटूपारा राजपुर के साप्ताहिक बाजार जाने वाले कच्चे रास्ते पर की गई। पुलिस ने यहां घेराबंदी कर कोड़ासिया की ओर से पैदल आ रहे एक व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान मनोज तिग्गा (40), निवासी भालूकोना रूपडेगा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, मनोज के पास मौजूद कपड़े के थैले की जांच करने पर 20 लीटर क्षमता वाली जरीकेन मिली। इसमें करीब 20 लीटर हाथ भट्ठी की कच्ची महुआ शराब भरी हुई थी। इसकी अनुमानित कीमत 2 हजार रुपए बताई गई है। शराब को गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया गया।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम रूपडेगा निवासी फिलिंदर लकड़ा राजपुर के साप्ताहिक बाजार में कथित तौर पर शराब बेचने के लिए जा रहा है। पुलिस ने फिटिंगपारा चौक के पास घेराबंदी कर फिलिंदर लकड़ा (24) को पकड़ा। उसके कब्जे से 10 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत एक हजार रुपए बताई गई है।
तीसरे मामले में राजपुर साप्ताहिक बाजार में कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि वंदना पैंकरा (39) बिक्री के लिए कच्ची महुआ शराब लेकर बाजार पहुंची है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर महिला को पकड़ा। उसके कब्जे से प्लास्टिक की बोरी के अंदर रखी जरीकेन में करीब 10 लीटर महुआ शराब मिली। इसकी कीमत करीब 1,500 रुपए बताई गई है।
चौथी कार्रवाई 13 सितंबर को की गई। पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम रूपडेगा के भालूकोना निवासी हरिहर साय टोप्पो कच्ची महुआ शराब लेकर राजपुर बाजार की ओर जाने वाला है। सूचना पर पुलिस ने उसे पकड़कर तलाशी ली। उसके कब्जे से तीन लीटर महुआ शराब बरामद करने का दावा किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 300 रुपए है। इस तरह चार अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 43 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। संबंधित आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान अवैध शराब तैयार करने के लिए रखा करीब 100 बोरी महुआ भी मिला। इसे गवाहों की मौजूदगी में नष्ट कराया गया। पुलिस अब क्षेत्र में अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के संबंध में जानकारी जुटाकर निगरानी कर रही है। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री से दूर रहने की चेतावनी दी है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों की सूचना मिलने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई में लैलूंगा थाना और संबंधित पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका रही।
Tags: