जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में कलेक्शन एजेंट द्वारा लाखों रुपये के गबन का मामला सामने आया है। भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड में कार्यरत कलेक्शन एजेंट पर आरोप है कि उसने महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्यों से ऋण की किश्त के रूप में वसूली गई 9 लाख 46 हजार रुपये से अधिक की राशि कंपनी में जमा नहीं की और गबन कर लिया। मामले में जशपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान रवि राम चौहान पिता अलप साय, उम्र 40 वर्ष, निवासी पेमला थाना बागबहार जिला जशपुर, हाल मुकाम संगम चौक दरबारीटोली जशपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली जशपुर में अपराध क्रमांक 257/2026 के तहत धारा 409 भादवि के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
मामले की शिकायत भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड के तत्कालीन जशपुर ब्रांच मैनेजर सौखी लाल बघेल ने 20 अगस्त 2026 को थाना सिटी कोतवाली में दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कंपनी ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को माइक्रो फाइनेंस के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराती है। ऋण की किश्तों की वसूली के लिए कंपनी कलेक्शन एजेंट नियुक्त करती है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रवि राम चौहान ने कलेक्शन एजेंट के पद पर रहते हुए 7 नवंबर 2022 से 5 जुलाई 2023 के बीच 15 महिला स्व-सहायता समूहों के 42 सदस्यों से ऋण की किश्त के रूप में कुल 9 लाख 46 हजार 49 रुपये की राशि वसूल की।
आरोप है कि वसूली गई रकम को आरोपी ने कंपनी के जशपुर ब्रांच में जमा नहीं किया और निजी उपयोग में लेकर गबन कर लिया। कंपनी की ओर से कराई गई जांच में 42 हितग्राहियों से राशि वसूले जाने की पुष्टि हुई। जांच के दौरान जब आरोपी से पूछताछ की गई तो उसने हितग्राहियों से पैसे लेने और कंपनी में जमा नहीं करने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद आरोपी ने 12 जुलाई 2023 को नोटरी शपथ पत्र के माध्यम से कंपनी की राशि वापस जमा करने के लिए तीन महीने का समय मांगा था।
लेकिन तय समय सीमा समाप्त होने के बाद भी आरोपी ने रकम जमा नहीं की। इसके बाद कंपनी प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में जुट गई। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी रवि राम चौहान को जशपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उससे गबन की गई राशि, मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित अन्य मामलों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
जशपुर पुलिस ने बताया कि आर्थिक अपराध और अमानत में खयानत जैसे मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि लोगों के साथ वित्तीय धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।  इस पूरी कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली जशपुर के थाना प्रभारी मोर ध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक मनोज साहू और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tags: