BILASPUR बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवक शेख इस्माईल के साथ कथित रूप से लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से मारपीट के बाद उसकी मौत के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लाठी और डंडा जब्त करने की बात कही गई है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को मृतक की मां ने सकरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनका 19 वर्षीय बेटा शेख इस्माईल 7 सितंबर की रात करीब 9 बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। रात करीब एक बजे उन्हें सूचना मिली कि ग्राम लोखण्डी के कुछ युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों और लाठी-डंडों से मारपीट की है।
हमले में शेख इस्माईल के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उसे डायल 112 की सहायता से सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में सकरी थाने में अपराध क्रमांक 839/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया। इलाज के दौरान 12 सितंबर को रायपुर के डीकेएस अस्पताल में शेख इस्माईल की मौत हो गई। इसके बाद प्रकरण में बीएनएस की धारा 103(2) और 324 जोड़ी गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अक्षय कुमार गढ़ेवाल (21), प्रदुम श्रीवास उर्फ पदुम (29), दिलीप कुमार निर्मलकर (32) और गोविंद पटेल उर्फ दौलत (22) को 13 सितंबर को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों से घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडा भी जब्त किया गया है। चारों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
Tags: