Bihar बिहार : किशनगंज जिले के बहादुरगंज में जिला परिषद सदस्य पद के प्रत्याशी आसिफ रजा की गिरफ्तारी के खिलाफ सोमवार को भारी विरोध प्रदर्शन देखने को मिला।
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व स्थानीय विधायक अंजार नईमी ने किया। प्रदर्शनकारियों ने एलआरपी चौक जहांन अली बस अड्डा पर बहादुरगंज-किशनगंज मुख्य मार्ग को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पुलिस ने बाइक जब्ती के मामूली विवाद में आसिफ रजा को झूठे मुकदमे में फंसा कर गिरफ्तार किया और उनके साथ मारपीट की। इस घटना को लेकर बहादुरगंज थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगे हैं।
स्थिति तनावपूर्ण होती देख विधायक अंजार नईमी ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाया और जाम समाप्त करवाया। विधायक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान ने दोषी थाना कर्मियों का तबादला कर दिया है, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। उन्होंने दोषियों के निलंबन और निष्पक्ष जांच की मांग की।
वहीं, एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरूल ईमान ने इस घटना को “लोकतंत्र की हत्या” करार दिया। उन्होंने एसपी और डीआईजी से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए संबंधित दारोगा को सस्पेंड करने की मांग की। इस विरोध प्रदर्शन में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि वसीकुर रहमान, नगर उपाध्यक्ष प्रतिनिधि वसीम अख्तर, मुखिया संघ अध्यक्ष रफीक आलम, जदयू नेता एहतेशाम अंजुम समेत सैकड़ों लोग शामिल हुए।