पटना। एनडीए से अलग होकर महागठबंधन संग सरकार बना चुके नीतीश कुमार के निशाने पर भाजपा नेता विजय कुमार सिन्हा आ गये है।राज्य में सरकार बदलने के बाद भी अब तक स्पीकर पद नहीं छोड़ने वाले विजय कुमार सिन्हा पर मुख्यमंत्री नीतीश गुरूवार को बरसे। आज पटना सचिवालय पर राष्ट्र ध्वज फहराने वाले सात शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण- पुष्पांजलि कर श्रद्धांजली देने के बाद मुख्यमंत्री विजय सिन्हा को जमकर सुनाया। उन्होंने कहा कि विजय सिन्हा को नियम और कानून का पता होना ही चाहिए।
पत्रकारों के सवाल का कि विधानसभा अध्यक्ष अपना पद कब छोड़ेंगे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विजय सिन्हा जिनके समर्थन से स्पीकर बने थे वे सब उनसे अलग हो चुके हैं। उन्हें कानून का पता होना ही चाहिए। सूत्रों के अनुसार विजय कुमार सिन्हा अविश्वास प्रस्ताव का सामना किए बगैर अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं।विजय कुमार सिन्हा आज ही अपने इस्तीफे का ऐलान कर सकते हैं।दरअसल, आज शहीद दिवस है इस मौके पर विधानसभा में एक कार्यक्रम का आयोजन है, विजय कुमार सिन्हा इस मौके पर मौजूद रहेंगे और इसी दौरान वह अपने इस्तीफे को लेकर कोई जानकारी साझा कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को ही महागठबंधन की तरफ से विस अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा के खिलाफ विधानसभा सचिव को अविश्वास प्रस्ताव दिया गया था। राजद के मुख्य सचेतक ललित यादव समेत सत्ता पक्ष के अन्य नेताओं ने विधानसभा सचिवालय को करीब 75 विधायकों का हस्ताक्षर किया हुआ अविश्वास प्रस्ताव सौंपा था।चुकी सदन में अब महागठबंधन की सरकार है ऐसे बहुमत के हिसाब से विजय सिन्हा का हटना भी तय है।