स्टेशन मास्टर के बेटे बने BDO, सीवान का गौरव

Update: 2026-06-21 10:05 GMT

Bihar: सीवान, बिहार के नगर पंचायत हसनपुरा निवासी दिनेश कुमार चौधरी ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में सफलता हासिल कर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी (Block Welfare Officer) पद पर चयन पाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे हसनपुरा क्षेत्र में खुशी का माहौल है और परिवार में उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिल रहा है।

दिनेश कुमार चौधरी, रामजी चौधरी के पुत्र हैं। उनके पिता बनकटा रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। तीन भाइयों में सबसे बड़े दिनेश ने पहले ही प्रयास में बीपीएससी जैसी कठिन परीक्षा पास कर अपनी मेहनत और लगन का परिचय दिया है।

दिनेश ने अपनी पढ़ाई दिल्ली में रहकर की। उन्होंने बताया कि वे रोजाना 8 से 9 घंटे नियमित रूप से अध्ययन करते थे। उन्होंने कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण को अपनी सफलता का मुख्य कारण बताया। साथ ही उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, भाइयों और गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया।

सफलता मिलने के बाद दिनेश कुमार चौधरी ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति के भीतर धैर्य, हौसला और निरंतर मेहनत करने का जज्बा हो, तो कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं होता। उन्होंने युवाओं से अपील की कि असफलताओं से घबराने के बजाय लगातार प्रयास करते रहें। सफलता की खबर मिलते ही परिवार और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने दिनेश को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।

इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिन्होंने दिनेश कुमार चौधरी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। पूरे इलाके में उनकी इस उपलब्धि को लेकर गर्व का माहौल है और लोग इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक सफलता मान रहे हैं।

Tags:    

Similar News