बिहार

नेपाल बारिश का असर, बिहार में बाढ़ की आशंका

Saba Naaz
21 Jun 2026 3:19 PM IST
नेपाल बारिश का असर, बिहार में बाढ़ की आशंका
x

Bihar: नेपाल और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब बिहार में साफ दिखने लगा है। महानंदा और कोसी जैसी प्रमुख नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे सीमांचल और उत्तर बिहार के कई जिलों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और सुपौल समेत कई जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।

महानंदा नदी पूर्णिया के डेंगराह और कटिहार क्षेत्र में खतरे के निशान से ऊपर बहने लगी है। इसके कारण बायसी अनुमंडल के निचले इलाकों और दीयारा क्षेत्रों में पानी फैलने लगा है। खेतों में बाढ़ का पानी घुसने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन ने संवेदनशील तटबंधों पर चौबीसों घंटे निगरानी शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, नेपाल और पश्चिम बंगाल से लगातार पानी आने के कारण पिछले 24 घंटे में महानंदा नदी का जलस्तर 175 सेंटीमीटर तक बढ़ गया है। पिछले तीन से चार दिनों में कुल बढ़ोतरी 200 सेंटीमीटर से अधिक दर्ज की गई है, जिससे स्थिति और गंभीर होती जा रही है।

कटिहार जिले के कदवा प्रखंड में भी बाढ़ का असर देखने को मिल रहा है। लिलजी धार में पानी भरने से धनगामा, शर्मा टोला और यादव टोला जैसे कई गांवों का सड़क संपर्क टूट गया है। हालांकि प्रशासन ने कहा है कि फिलहाल पानी रिहायशी इलाकों तक नहीं पहुंचा है और कटाव रोकने के लिए काम जारी है। उधर सुपौल जिले के वीरपुर स्थित कोसी बराज पर भी जलप्रवाह तेजी से बढ़ा है। इस मानसून में पहली बार यहां 50 हजार क्यूसेक से अधिक पानी दर्ज किया गया, जबकि शनिवार को यह आंकड़ा 57,435 क्यूसेक तक पहुंच गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने सभी इंजीनियरों और कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। सभी अधिकारियों को अपने कार्यस्थल पर तैनात रहने और आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने तटबंधों पर निगरानी बढ़ा दी है और निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। आने वाले कुछ दिन बेहद अहम माने जा रहे हैं, क्योंकि यदि बारिश जारी रही तो बाढ़ का खतरा और बढ़ सकता है।

Next Story