प्रशांत किशोर ने नए 'जन सुराज' अभियान का किया शंखनाद, शुरुआत बिहार से

देश के नामचीन चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने सोमवार को अपने नए 'जन सुराज' अभियान का शंखनाद किया।

Update: 2022-05-02 05:18 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। देश के नामचीन चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर (पीके) ने सोमवार को अपने नए 'जन सुराज' अभियान का शंखनाद किया। उन्होंने कहा कि वे इसकी शुरुआत बिहार से करेंगे।

पीके के नाम से मशहूर राजनीतिक रणनीतिकार ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि क्या वे अपनी कोई पार्टी बनाने जा रहे हैं? माना जा रहा है कि कांग्रेस में शामिल होने व सबसे पुरानी पार्टी के कायाकल्प का मिशन बीच में छूटने के कारण नई राजनीतिक शुरुआत करेंगे।
प्रशांत किशोर ने ट्वीट कर अपने नए अभियान का एलान किया। उन्होंने लिखा, 'लोकतंत्र का एक सार्थक भागीदार बनने और जन-समर्थक नीतियों को आकार देने में मदद करने की मेरी खोज ने बीते 10 सालों में उतार-चढ़ाव देखे हैं। अब मैं नया पन्ना पलटने जा रहा हूं। अब मुद्दों और जन सुराज के मार्ग को बेहतर ढंग से समझने के लिए 'रियल मास्टर्स' यानी जनता के पास जाने का समय आ गया है, शुरुआत बिहार से होगी।'
कांग्रेस के साथ नहीं बनी बात
प्रशांत किशोर के बीते कुछ दिनों से कांग्रेस में जाने की चर्चा थी। हाल ही में उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन को लेकर पार्टी के कायाकल्प का एक प्रेजेंटेशन भी पेश किया था, हालांकि कांग्रेस और उनके बीच बात नहीं बनी और अंतिम दौर में उन्होंने कांग्रेस से किनारा कर लिया।
कांग्रेस से बात बिगड़ने के बाद से प्रशांत किशोर लगातार सुर्खियों में हैं। सोमवार सुबह-सुबह उन्होंने उक्त ट्वीट कर लोकतंत्र के सार्थक भागीदारी निभाने व जन हितैषी नीतियों को आकार देने के अपने नए प्रयासों का साफ संकेत दे दिया। माना जा रहा है कि पीके खुद की पार्टी बनाएंगे, जिसका नाम 'जन सुराज' होगा। उनके इशारे से तो यही लग रहा है। बिहार से इसकी शुरुआत के लिए पीके पटना पहुंच चुके हैं। वे यहीं से बड़ा एलान भी कर सकते हैं। कहा जा रहा है कि पटना के पॉश इलाके में उनका ऑफिस तैयार हो गया है।
Tags:    

Similar News