Patna पटना: संजय गांधी जैविक उद्यान में पहली बार 12 भेड़ियों ने जन्म लिया है. इस पशु प्रजाति को ग्रे वुल्फ के नाम से जाना जाता है. इन बच्चों का जन्म चार अलग-अलग माताओं से हुआ है. पटना चिड़ियाघर में किसी भी वन्यजीव द्वारा एक साथ इतनी बड़ी संख्या में बच्चों को जन्म देने की यह पहली घटना है. पहली बार 2014 में मैसूर चिड़ियाघर से एक नर और एक मादा को चिड़ियाघर में लाया गया था. उसके बाद 2017 और 2018 में वंडालूर चिड़ियाघर से भेड़ियों का जोड़ा लाया गया था. अब चिड़ियाघर में भेड़ियों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है. संरक्षण प्रजनन किसी भी चिड़ियाघर के संचालन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है|
यह चिड़ियाघर लुप्तप्राय वन्यजीवों के एक्स सीटू संरक्षण प्रजनन के लिए प्रतिबद्ध है और 12 भेड़िया शावकों का जन्म एक्स सीटू संरक्षण प्रजनन कार्यक्रम के लिए एक बड़ी उपलब्धि है. संजय गांधी जैविक उद्यान के निदेशक हेमंत पाटिल ने कहा कि बच्चे स्वस्थ हैं. और इन्हें करीब एक से दो महीने में दर्शकों के सामने लाया जाएगा, तब लोग इन्हें देख सकेंगे. यह ग्रे वुल्फ़ लुप्तप्राय प्रजाति है और इस प्रजाति को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की अनुसूची 1 में सूचीबद्ध किया गया है। उल्लेखनीय है कि ग्रे वुल्फ़ भारतीय महाद्वीप में पाई जाने वाली भेड़ियों की एक पुरानी प्रजाति है। इस जानवर का ज़िक्र रुडयार्ड किपलिंग की किताब 'द जंगल बुक' में भी मिलता है।
Tags: