फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने अपने सदस्यों की संख्या एक करोड़ पांच लाख 97 हजार 9 कर ली है। इसमें सिर्फ बिहार से ही उसके सदस्यों की संख्या 98 लाख 64 हजार 203 है। इसके अलावा झारखंड और अन्य राज्यों में उसके 7 लाख 32 हजार 806 सदस्य हैं। इसके साथ ही आरजेडी सदस्यों के मामले में बिहार में बीजेपी के बाद दूसरी सबसे बड़ी पार्टी हो गई है। बीजेपी के 1.24 करोड़, जबकि जदयू के 37 लाख सदस्य हैं।

पार्टी ने एक करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया था। गुरुवार को आरजेडी के राष्ट्रीय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी उदय नारायण चौधरी के अनुमोदन के बाद सांगठनिक वर्ष 2022-2025 के लिए आरजेडी सदस्यों की सूची प्रकाशित कर दी गई। इसके‌ अनुसार नवीनीकृत और पहली बार बनाए गए सदस्यों को मिलाकर कुल 1,05,97,009 सदस्य हैं। यह पार्टी के निर्धारित लक्ष्य से लगभग 6 लाख अधिक हैं।
पार्टी के सहायक राष्ट्रीय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी चितरंजन गगन ने बताया कि 12 फरवरी, 2022 को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद द्वारा सदस्यता अभियान की शुरुआत की गई थी। पहले इसकी अंतिम तिथि 30 जून थी, जिसे बढ़ाकर 15 जुलाई किया गया था। उपमुख्यमंत्री‌ तेजस्वी यादव और प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के प्रयास का‌ परिणाम है कि सदस्यों की संख्या लक्ष्य से भी ज्यादा पहुंच गई है।
सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू
सूची प्रकाशन के साथ ही आरजेडी में सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारी और‌ सहायक जिला निर्वाचन पदाधिकारी संबंधित इकाइयों में चुनाव पदाधिकारी मनोनीत करेंगे। इसके बाद वे राष्ट्रीय कार्यकारिणी द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार चुनाव कराएंगे। 16 अगस्त के पूर्व सभी 534 प्रखंडों, 3320 वार्डों और 8463 पंचायतों में चुनाव पदाधिकारी मनोनीत कर दिए जाएंगे। 16 अगस्त से 12 सितंबर के बीच बूथ कमेटी, पंचायत इकाई, प्रखंड इकाई और जिला इकाई का चुनाव सम्पन्न हो जाएगा। सभी राज्यों में 14 सितंबर से प्रदेश इकाई के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 21 सितंबर को सभी प्रदेशों में प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का चुनाव होगा।
Tags: