Farbisganj Fire: बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज प्रखंड की किरकिचिया पंचायत के वार्ड संख्या दो, कटहरा गांव में देर शाम एक घर में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। यह अग्निकांड इतना भयानक था कि घर समेत उसमें रखा सारा सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। इस हृदय विदारक घटना में 90 साल के बुजुर्ग सुधीर यादव (पिता स्व. महादेव यादव) की झुलसने से दर्दनाक मौत हो गई।
आग लगने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को जानकारी दी। दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। बताया जा रहा है कि इस आगलगी की घटना में साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति जलकर राख हो गई।वहीं आग में जलकर बुजुर्ग सुधीर यादव की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक मनोज विश्वास, मुखिया कफिल अंसारी, पूर्व मुखिया परमानंद यादव, डॉ. गजेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। विधायक मनोज विश्वास ने पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात की, घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने तुरंत अंचलाधिकारी (CO) से फोन पर बात की और सरकारी प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द समुचित मुआवजा उपलब्ध कराने को कहा।