Lakhisarai, लखीसराय। मुंगेर प्रमंडलीय आयुक्त सह प्रेक्षक मुंगेर प्रमंडल अवनीश कुमार सिंह( निर्वाचक सूची) की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के निमित्त सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 कार्य में अभी तक कराए गए कार्य को ppt के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। जिस पर आयुक्त द्वारा संतोष व्यक्त किया गया।
बैठक में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्रा द्वारा बताया गया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार एब्सेंट, शिफ्टेड एवं मृत मतदाताओं की सूची सभी बूथ पर, सभी पंचायत सरकार भवन एवं प्रखंड कार्यालय में चिपका दिया गया है, साथ ही यह भी बताया गया कि BLA-2 के माध्यम से मतदाता सूची से संबंधित 1 दावा-आपत्ति अभी तक प्राप्त हुआ है।
बैठक में आयुक्त ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची में अगर किसी का नाम शामिल नहीं है और वे योग्य मतदाता है तो फॉर्म 06 के साथ आवश्यक दस्तावेज देखकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इसी प्रकार किसी मतदाता के विवरणी में अशुद्धि को दूर करने हेतु फार्म 8 को भरा जा सकता है।
आयुक्त द्वारा सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 कार्य का फीडबैक प्राप्त किया गया। विदित हो कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 दिनांक 25.6.2025 से शुरू हुआ था। इस कार्यक्रम के प्रथम चरण में दिनांक 25.06.2025 से दिनांक 26.7.2025 तक सभी मतदाताओं के द्वारा गणना प्रपत्र जमा करना था। इसके पश्चात दिनांक 01.08.2025 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया गया है। दिनांक 01.08.2025 से दिनांक 01.09.2025 तक दावा आपत्ति की अवधि निर्धारित है।
इस बीच दिनांक 25.9.2025 तक प्राप्त दावा/ आपत्तियों का निष्पादन किया जाएगा एवं अंतिम रूप से मतदाता सूची का प्रकाशन दिनांक 30.9.2025 को किया जाएगा। बैठक में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मुंगेर प्रमंडल, अपर समाहर्ता सुधांशु शेखर, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार , अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता सीतु शर्मा, उप निर्वाचन पदाधिकारी राहुल कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद, कार्यपालक पदाधिकारी अमित कुमार, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।