Bihar बिहार: बिहार के सहरसा जिले में मंगलवार की सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक बुजुर्ग दंपत्ति की मौत हो गई. दरअसल, एक तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने सड़क किनारे टहल रहे पति-पत्नी को रौंद दिया. इस घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया|
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के सौरबाजार सोनवर्षा राज मुख्य मार्ग पर हुई. मृतकों की पहचान सौरबाजार थाना क्षेत्र के सुहथ गांव निवासी 60 वर्षीय भरत राम और उनकी पत्नी 55 वर्षीय श्यामा देवी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह-सुबह दोनों पति-पत्नी अपने दरवाजे के सामने सड़क पर टहल रहे थे. इसी दौरान सोनवर्षा राज की ओर से आ रही तेज रफ्तार वाहन ने दोनों को रौंद दिया|
हादसे के बाद महिला का शव उसके दरवाजे के सामने सड़क किनारे पड़ा मिला. वहीं, पति का शव गायब है। काफी खोजबीन के बाद भरत राम के कुछ कपड़े बैंक ऑफ इंडिया शाखा के सामने फेंके मिले, जबकि शव के कुछ हिस्से अजगैवा गांव के सामने सड़क पर पड़े मिले। ऐसा लगता है कि चालक शव को घसीटकर अपने साथ ले गया। इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। लोगों ने चालक के खिलाफ कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।