BPSC: पंजाब में मजदूरी, बेटे ने रचा इतिहास

Update: 2026-06-21 13:16 GMT

Bihar: दरभंगा जिले के अलीनगर प्रखंड स्थित श्यामपुर गांव के बेचन कुमार मुखिया ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में सफलता हासिल कर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (Supply Officer) पद प्राप्त किया है। उन्हें 1693वीं रैंक मिली है। उनकी सफलता के बाद पूरे गांव में खुशी का माहौल है और लोग लगातार उनके घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं।

बेचन कुमार के पिता रामदेव मुखिया पंजाब में मजदूरी करते हैं, जबकि उनकी मां बुच्ची दाई देवी गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने बच्चों की शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी। बेचन अपने तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े हैं। उनके छोटे भाई और बहन अभी पढ़ाई कर रहे हैं।

बेचन ने 2017 में मैट्रिक और 2019 में इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने दरभंगा के सीएम आर्ट्स कॉलेज से स्नातक किया। स्नातक के बाद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की और कोचिंग की जगह सेल्फ स्टडी को प्राथमिकता दी। जरूरत पड़ने पर उन्होंने ऑनलाइन माध्यमों का सहारा लिया।

पहले ही प्रयास में उन्होंने 70वीं BPSC परीक्षा पास कर अपनी मेहनत का परिणाम हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि को गांव में बड़ी सफलता माना जा रहा है। इससे पहले भी श्यामपुर गांव से एक अन्य युवक 67वीं BPSC में चयनित हो चुके हैं, जिससे यह गांव प्रशासनिक सेवाओं में अपनी पहचान बना रहा है।

बेचन कुमार के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका और उनकी माता का सम्मान किया। उन्हें पाग, माला और गमछा पहनाकर सम्मानित किया गया तथा मिठाई खिलाकर बधाई दी गई। ग्रामीणों ने कहा कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी।

Tags:    

Similar News